राजगढ़ः जल उपयोगिता समिति की बैठक में हुई सिंचाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति और जल संसाधनों की स्थिति की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः जल उपयोगिता समिति की बैठक में हुई सिंचाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति और जल संसाधनों की स्थिति की समीक्षा


राजगढ़, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कलेक्ट्रेट सभागार में मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार की अध्यक्षता में बुधवार को जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक हुई, जिसमें सिंचाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति और जल संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की गई।

मंत्री ने पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। जल उपलब्धता के अनुसार फसल चयन की सलाह दें मंत्री पंवार ने कहा कि जलाशयों में उपलब्ध पानी का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। किसानों को पानी की उपलब्धता के अनुसार उपयुक्त फसलों का चयन करने के लिए प्रेरित करें। कृषि विस्तार अधिकारी नियमित रूप से गांवों का भ्रमण करें और किसानों के साथ संगोष्ठियां आयोजित कर उर्वरकों की उचित मात्रा एवं संतुलित उपयोग की जानकारी दें।

बैठक में सिंचाई व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया गया। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंचाई पाइपलाइन क्षतिग्रस्त करने की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई करें। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराकर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राज्यमंत्री ने जल निगम को जल संसाधन विभाग के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए आवश्यक जल आरक्षण और अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। वहीं, एमपीईबी अधिकारियों से कहा कि रखरखाव के कारण बिजली आपूर्ति बाधित करना जरूरी हो तो सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से पहले सूचना दें, ताकि लोगों को असुविधा न हो। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, मोहनपुरा और सुठालिया परियोजना के कार्यपालन यंत्री, पीएचई, जल निगम, जल संसाधन विभाग, एमपीईबी के अधिकारी, उप संचालक कृषि और विभिन्न अनुविभागों के एसडीओ मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768503 Articles

Share this story