राजगढ़:  सिंचाई, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं से बदलेगी गांवों की तस्वीर : राज्यमंत्री पंवार

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़:  सिंचाई, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं से बदलेगी गांवों की तस्वीर : राज्यमंत्री पंवार


राजगढ़, 21 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ग्रामीण विकास को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। शनिवार को ब्यावरा विधानसभा के ग्राम लखनवास में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने करीब 26 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से विकास कार्यों की शुरुआत की।

कार्यक्रम के दौरान लखनवास से दूधियादीवान (नरसिंहगढ़) मार्ग के उन्नयन एवं चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया, जिसकी लागत 14 करोड़ 98 लाख 22 हजार रुपये है। साथ ही ग्राम लखनवास में 1 करोड़ 59 लाख रुपये से निर्मित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण भी किया गया।

इसके अलावा गांगाहोनी, आमडोर, पाडलीगुसाई, सीलखेड़ा, भंवास, पातलापानी, तरेना, बगवाज, बेरियाखेड़ी, सेमलापार, टोडी, चुकल्या, खेजड़ामहाराजा, कुंडाखेड़ा, आगर और सुंदरपुरा सहित कई गांवों में लगभग 10 करोड़ 21 लाख रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास कार्यों को नई दिशा मिली है। उन्होंने बताया कि पहले मध्यप्रदेश “बीमारू राज्य” की श्रेणी में था, लेकिन अब यह तेजी से विकसित राज्यों में अपनी जगह बना रहा है।

उन्होंने पार्वती नदी पर बन रहे बांधों और मोहनपुरा व कुंडालिया परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे किसानों को वर्षा पर निर्भरता से राहत मिली है। नियमित सिंचाई और बेहतर पेयजल आपूर्ति से गांवों में जल संकट कम हुआ है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है।

राज्यमंत्री ने वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की मजबूत स्थिति का जिक्र करते हुए पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति और कीमतों पर नियंत्रण को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे क्षेत्र में सतर्क रहकर जमाखोरी जैसी गतिविधियों पर नजर रखें।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव, जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी, पूर्व जिला अध्यक्ष दिलवर यादव, जसवंत गुर्जर, नारायणसिंह सालरियाखेड़ी, मंडल अध्यक्ष दिनेश मीना, जनपद सीईओ आर.के. मंडल, एसडीओ प्रवीण भील सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story