राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार ने 1 करोड़ 78 लाख की विकास योजनाओं का किया भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार ने 1 करोड़ 78 लाख की विकास योजनाओं का किया भूमिपूजन


राजगढ़,29 मार्च (हि.स.)। ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र में तीर्थ एवं जनसुविधा विकास को बढ़ावा देने के लिए रविवार को प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने 1 करोड़ 78 लाख 23 हजार रुपए की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में ग्राम पंचायत गिंदौरहाट स्थित घुरेल पहाड़ी पशुपतिनाथ मंदिर में सामुदायिक भवन, कपिलेश्वर महादेव मंदिर तक सीसी रोड, मंदिर परिसर में सीसी नाली, ग्राम मऊ में सामुदायिक भवन, ग्राम जेपला में देव नारायण मंदिर से सुठालिया रोड तक सीसी रोड तथा पीएम रोड से महादेव मंदिर तक सीसी सड़क निर्माण शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री पंवार ने भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए कहा कि ये निर्माण कार्य तीर्थ स्थलों पर पहुंच को सुगम बनाने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत संरक्षण को नई दिशा मिल रही है। अपने संबोधन में उन्होंने वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि कई देशों में युद्ध एवं तनाव की स्थिति के बावजूद भारत ने मजबूत नीतियों के चलते आर्थिक स्थिरता बनाई रखी है। अंतरराष्ट्रीय पेट्रोलियम बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद आमजन को राहत देने के प्रयासों की सराहना भी की।

इसके बाद मंत्री पंवार ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मलावर में बन रही विज्ञान प्रयोगशाला (फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी) के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान इंजीनियर सुनील मंडलोई की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण गुणवत्ता से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण हों। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी, नारायणसिंह सालरियाखेड़ी, मानसिंह राजपूत, जसवंत गुर्जर, पूर्व जिला अध्यक्ष दिलवर यादव, अमित शर्मा, जगदीश पंवार, मंडल अध्यक्ष दिनेश मीना, राजू यादव, श्याम सिंह चैहान समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। वहीं प्रशासन से एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, जनपद सीईओ आरके. मंडल, एसडीओ प्रवीण भील, स्वाती एवं इंजीनियर कार्तिक राजपूत मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story