राजगढ़ः मंत्री पंवार ने किया उद्यान का लोकार्पण, मंदिर के भव्य विस्तार के नक्शे का अनावरण

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः मंत्री पंवार ने किया उद्यान का लोकार्पण, मंदिर के भव्य विस्तार के नक्शे का अनावरण


राजगढ़, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा नगर में एबी रोड स्थित मां मंशापूर्ण वैष्णो देवी मंदिर परिसर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर शनिवार रात्रि को नवनिर्मित उद्यान का लोकार्पण किया गया। प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार और नगर पालिका अध्यक्ष लीलादेवी कुशवाह ने उद्यान का उद्घाटन किया। इस दौरान मंदिर परिसर को भव्य और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए तैयार किए गए प्रस्तावित नक्शे का भी अनावरण किया गया। आगामी समय में इसी योजना के अनुरूप परिसर के विस्तार और विकास कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, मंदिर समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। अतिथियों ने उद्यान का अवलोकन कर वहां किए गए विकास कार्यों की जानकारी ली।

नए उद्यान से मंदिर परिसर की सुंदरता बढ़ने के साथ दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण मिल सकेगा। आस्था के केंद्र को भव्य स्वरूप देने की तैयारी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पंवार ने कहा कि मां मंशापूर्ण वैष्णो देवी मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर में आने वाले भक्तों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और परिसर को सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाना जरूरी है। नवनिर्मित उद्यान से परिसर की सुंदरता बढ़ेगी, वहीं प्रस्तावित नक्शे के अनुसार आगामी विकास कार्यों से मंदिर को और भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का विकास हमारी परंपराओं और विरासत को संरक्षित करने का माध्यम है। प्रयास रहेगा कि श्रद्धालुओं को सुविधाजनक वातावरण मिले और आने वाली पीढ़ियां भी अपनी संस्कृति व परंपराओं से जुड़ी रहें। उन्होंने मां भगवती से क्षेत्र में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। जबलपुर थीम का पंडाल, रोशनी से जगमगाया परिसर शारदीय नवरात्रि पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।

परिसर को आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। जबलपुर की थीम पर तैयार किया गया पंडाल और मार्ग पर की गई आकर्षक लाइटिंग श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में भक्त मां के दर्शन और पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर के प्रस्तावित नक्शे के अनावरण के साथ परिसर के विस्तार की योजना भी सामने आई है। आगामी निर्माण कार्य पूरे होने पर मंदिर की भव्यता बढ़ने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762985 Articles

Share this story