राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार के प्रयासों से आठ सड़कों के निर्माण को मंजूरी, गांवों की मुख्य मार्गों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार के प्रयासों से आठ सड़कों के निर्माण को मंजूरी, गांवों की मुख्य मार्गों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी


राजगढ़, 10 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए ब्यावरा विधानसभा को बड़ी सौगात मिली है।

प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने गुरुवार को बताया कि मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना के तहत 8 सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है। इन सड़कों के निर्माण पर करीब 6 करोड़ 33 लाख रुपए खर्च होंगे। स्वीकृत सड़कों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों और आम लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। वहीं किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में भी आसानी होगी।

योजना के तहत बैरसिया-भौजपुरिया रोड से गोल्यापुरा, जैमालपुरा से खजूरखाड़ी, बैलास से दुर्गापुरा, ढकोरा-जामी रोड से अमरपुरा, पीएमजीएसवाई मूंडली रोड से भवानीपुरा, अमरगढ़ से खण्डिया, झरखेड़ा रोड से कोड़ियाखेड़ी और एनएच-12 से नरसिंहपुरा तक सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इन मार्गों के बनने के बाद संबंधित गांवों के लोगों को बारिश सहित अन्य मौसम में आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना के जरिए छोटे-छोटे मजरे और टोलों को भी पक्की सड़क से जोड़ने का काम किया जा रहा है। ब्यावरा विधानसभा में सड़क, सिंचाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इन 8 सड़क कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति और तेज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story