राजगढ़ः राज्यमंत्री टेटवाल बस से यात्रा कर पहुंचे पचोर, हादसे के पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः राज्यमंत्री टेटवाल बस से यात्रा कर पहुंचे पचोर, हादसे के पीड़ित परिवारों से की मुलाकात


राजगढ़,14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कौशल विकास एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के आह्वान से प्रेरित होकर सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए गुरुवार को पचोर तक बस यात्रा की। उनके इस कदम ने ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिषा में सकारात्मक पहल का उदाहरण प्रस्तुत किया।

बस से पचोर पहुंचकर राज्यमंत्री ने हाल ही में हुए पेट्रोल पंप हादसे में मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उनके इस संवेदनशील कदम से लोगों में भरोसा और आत्मीयता का संदेश गया। पचोर नगर में उन्होंने नागरिकों से संपर्क किया और विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा कर संबंधित विभागों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने उनका साधारण एवं जनहितकारी व्यवहार देखकर सराहना व्यक्त की।

इसके बाद राज्यमंत्री ने पचोर से सारंगपुर तक पुनः बस द्वारा यात्रा कर सार्वजनिक परिवहन के प्रति अपने संकल्प को और मजबूत किया। उन्होंने कहा कि बस यात्रा मात्र एक साधारण सफर नहीं, बल्कि जनभागीदारी का संदेश है। यदि अधिक से अधिक लोग सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें, तो ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी और यातायात व्यवस्था में सुधार संभव है। राज्यमंत्री टेटवाल की यह पहल पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story