राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार ने तीन गांवों में जनसंवाद कर 1.13 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार ने तीन गांवों में जनसंवाद कर 1.13 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण


राजगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने शुक्रवार को ब्यावरा विधानसभा के ग्राम पंचायत खनोटा, कानेड़ और गोलाखेड़ा में जनसंवाद कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब 1 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया और अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

मंत्री पंवार ने कहा कि जन-विश्वास अभियान केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का माध्यम है। अभियान के तहत प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और मौके पर ही उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश और देश में सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।मंत्री पंवार ने नदी जोड़ो अभियान को जल प्रबंधन की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे ब्यावरा क्षेत्र के किसानों को सिंचाई और पेयजल की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि गांवों को बेहतर सड़कों से जोड़ने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा हुए हैं।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। मंत्री पंवार ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान से सरकार और जनता के बीच संवाद मजबूत होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story