राजगढ़ः गंगा दशहरा पर राज्यमंत्री पंवार ने किया श्रमदान
राजगढ़, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में गंगा दशहरा पर सोमवार को ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने गुलाबशाह जी की प्राचीन बावड़ी एवं गंगा मंदिर के समीप अजनार नदी तट पर श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया।
राज्यमंत्री पंवार ने बावड़ी के पास निर्मित पेयजल टंकी के समीप लगभग 28 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सम्पबेल एवं पम्प हाउस निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पंवार ने कहा कि जल केवल एक प्रातिक संसाधन नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा का आधार है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जल संरक्षण, जलस्रोतों के पुनर्जीवन और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ इसी प्रयास का महत्वपूर्ण चरण है, जिसके जरिए समाज को जल बचाने और पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण पर आज गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले समय में जल संकट और भी गंभीर हो सकता है। मंत्री पंवार ने कहा कि “गांव का पानी गांव में और शहर का पानी शहर में” संरक्षित करने का संकल्प ही जल संकट का स्थायी समाधान है।उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि वृक्ष जल संरक्षण की मूल शक्ति हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम 100 पेड़ लगाने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री पंवार ने उपस्थित नागरिकों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, पार्षद रमेश साहू, विष्णु साहू, अजय चैहान, गोपाल जाटव, रुचि बड़ोने, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष पवन शर्मा, एसडीएम गोविंदकुमार दुबे, एसडीओपी प्रकाश शर्मा, जनपद सीईओ आरके. मंडल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व नागरिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

