राजगढ़ः हर्षोल्लास के साथ मनाया भाजपा स्थापना दिवस, राज्यमंत्री पंवार ने कार्यकर्ताओं को किया प्रेरित

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः हर्षोल्लास के साथ मनाया भाजपा स्थापना दिवस, राज्यमंत्री पंवार ने कार्यकर्ताओं को किया प्रेरित


राजगढ़, 06 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा मंडल में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, जिसमें प्रदेष के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। ध्वजारोहण के पश्चात सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

राज्यमंत्री पंवार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 6 अप्रैल 1980 को स्थापित भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने वाला संगठन है। उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों और संघर्षों के बीच पार्टी की नींव रखी गई थी और कैसे कार्यकर्ताओं की निष्ठा ने इसे आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी पार्टी के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने वाजपेयी के प्रेरणादायक शब्द दोहराए कि “भारत माता केवल जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि एक जीवंत राष्ट्र है।”

मंत्री पंवार ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का प्रयास करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की मजबूत पहचान, मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन का परिणाम है। अंत में मंत्री पंवार ने भाजपा के पितृ पुरुषों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को नमन किया और कहा कि उनके तप, त्याग और कर्म के बल पर ही आज भाजपा नई ऊंचाइयों पर पहुंची है।

कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री बद्रीलाल यादव, पूर्व जिला उपाध्यक्ष जसवंत सिंह गुर्जर, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, मानसिंह राजपूत,भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी, पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष राम भील, ब्यावरा मंडल अध्यक्ष राजू यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिलीप गुप्ता,पार्षद गोपाल जाटव, विष्णु साहू ,मंडल उपाध्यक्ष बनवारी पुष्पद,नवल कुषवाह,मंडल महामंत्री दीपक सामरे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, मातृशक्ति एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story