बंगाल में भाजपा की जीत पर सागर में जश्न, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कार्यकर्ताओं संग खाई ‘झालमुड़ी’

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल में भाजपा की जीत पर सागर में जश्न, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कार्यकर्ताओं संग खाई ‘झालमुड़ी’


सागर, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन और ऐतिहासिक जीत पर मध्यप्रदेश के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने खुशी जाहिर की।सागर स्थित उनके निवास ‘मातेश्वरी’ में इस अवसर पर भव्य उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयां बांटी गईं और खास तौर पर पश्चिम बंगाल के लोकप्रिय पारंपरिक व्यंजन झालमुड़ी का स्वाद साझा किया गया। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि यह जीत केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, विकास की सोच और जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के विश्वास की मुहर है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए सुशासन और सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय पार्टी संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया। मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं-गरीब कल्याण, किसान हित और महिला सशक्तिकरण-देशभर में प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं, जिसका असर चुनावी नतीजों में साफ दिखाई दे रहा है।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री राजपूत ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और उन्हें इसी उत्साह के साथ जनसेवा में जुटे रहने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी भविष्य में भी जनसेवा के माध्यम से देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सफल होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story