राजगढ़ः समय सीमा बैठक में कलेक्टर की सख्त कार्रवाई,अंत्येष्टि राशि में देरी पर सचिव निलंबित
राजगढ़, 4 मई (हि.स.)। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित समय सीमा बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि हितग्राहियों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ई-केवाईसी कार्यों की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर नगर परिषद खिलचीपुर, माचलपुर, तलेन और जीरापुर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं ई-केवाईसी में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने आधार निर्माण व ई-केवाईसी कार्य तेज करने हेतु विशेष शिविर लगाने पर जोर दिया। सार्थक अटेंडेंस की समीक्षा में कई खामियां सामने आने पर कलेक्टर ने विस्तृत जांच के निर्देश दिए। कमजोर प्रदर्शन पर जिला योजना अधिकारी, आबकारी विभाग तथा बीएमओ नरसिंहगढ़ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बीएमओ ब्यावरा के प्रति भी कर्मचारियों की अत्यधिक अनुपस्थिति को लेकर असंतोष जताया गया। ई-ऑफिस में लंबित फाइलों को लेकर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। पेंशन प्रकरणों सहित सड़क दुर्घटना मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। गर्भवती महिलाओं की 4 एएनसी रिपोर्ट तहसील स्तर पर नियमित मॉनिटर करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही संबल योजना में उत्कृष्ट कार्य करने पर सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की सराहना की गई। बैठक में अंत्येष्टि सहायता राशि समय पर न देने के मामले में सख्ती दिखाते हुए ग्राम टिकरिया (नरसिंहगढ़) के सचिव को निलंबित करने के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले द्वारा दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर प्रतापसिंह चैहान, एसडीएम निधि भारद्वाज, डिप्टी कलेक्टर डॉ. ज्योति राजोरे सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

