राजगढ़ः27 सितंबर को वड़नगर से वाराणसी जाएगी सेवा संकल्प बाइक यात्रा, मंत्री पंवार ने तैयारियों का लिया जायजा
राजगढ़, 24 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा नगर में सेवा संकल्प अभियान के तहत 27 सितंबर को प्रस्तावित वड़नगर से वाराणसी मोटर साइकिल यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा के आयोजन और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने गुरुवार को ब्यावरा में विभिन्न प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री पंवार ने यात्रा के प्रस्तावित मार्ग, कार्यक्रम स्थलों, यातायात व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर ली जाएं। यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ कार्यक्रम स्थलों पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारियां तय कर समय रहते व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
यात्रा को लेकर स्थानीय स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं। प्रस्तावित मार्ग और कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए संबंधित विभागों द्वारा निरीक्षण और समन्वय का काम जारी है। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, एसडीओपी प्रकाश शर्मा, नगर पालिका सीएमओ इकरार अहमद सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

