राजगढ़ः नातरा झगड़ा प्रथा में फरार आरोपित गिरफ्तार, आगजनी कर मांगे थे 25 लाख

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः नातरा झगड़ा प्रथा में फरार आरोपित गिरफ्तार, आगजनी कर मांगे थे 25 लाख


राजगढ़, 22 अप्रैल(हि.स.)। राजगढ़ कोतवाली थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना बुधवार को नातरा-झगड़ा प्रथा के तहत 25 लाख रुपए की मांग और नही देने पर नुकसान करने वाले आरोपित को हिरासत में लिया।

थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने बुधवार को बताया कि 8 अप्रैल को ग्राम बलबहादुरपुरा निवासी भरत गुर्जर (24) साल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव के राजाराम गुर्जर के पुत्र रूपसिंह की सगाई ग्राम लसूडल्या निवासी दिलीप गुर्जर की पुत्री मुस्कान से तय हुई थी। इससे पहले मुस्कान की बचपन में ग्राम होशियारखेड़ी निवासी संजू गुर्जर से सगाई हुई थी, जो बाद में आपसी सहमति से समाप्त हो गई थी। सगाई टूटने के बावजूद आरोपित रामेश्वर गुर्जर और उसका साला तेजसिंह गुर्जर ने “झगड़ा” प्रथा के नाम पर 25 लाख रुपए की मांग शुरू कर दी। रकम नहीं देने पर आरोपितों ने फरियादी के पिंडावड़े में आग लगाकर नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा308 (5),326(एफ) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।पुलिस ने मामले में 13 अप्रैल को आरोपित रामेष्वर पुत्र बद्रीलाल गुर्जर निवासी होषियारखेड़ी को हिरासत में लिया था। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे एवं एसडीओपी अरविंद राठौर के मार्गदर्शन में गठित टीम ने आरोपित तेजसिंह(60) पुत्र भंवरलाल गुर्जर निवासी मोहनपुर को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी मंजू मखेनिया, एसआई सुभाष द्विवेदी, एएसआई हरिपुरी गोस्वामी, बनेसिंह यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story