राजगढ़ः जिला अस्पताल की खिड़की से फरार हुआ सजायाफ्ता कैदी, तलाश में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः जिला अस्पताल की खिड़की से फरार हुआ सजायाफ्ता कैदी, तलाश में जुटी पुलिस


राजगढ़,5 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती एक सजायाफ्ता कैदी शुक्रवार तड़के अस्पताल की पहली मंजिल की खिड़की से कूदकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार कैदी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार आगर मालवा जिले के नलखेड़ा निवासी 28 वर्षीय जितेंद्र पुत्र रामप्रसाद भाटी को पीलिया की शिकायत के चलते 2 जून को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। कैदी वार्ड में एक मानसिक रूप से बीमार महिला के भर्ती होने के कारण उसे कैंसर वार्ड में शिफ्ट किया गया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार तड़के करीब तीन से चार बजे तक वह वार्ड में मौजूद था, लेकिन उसके बाद पहली मंजिल की खिड़की की टूटी जाली का फायदा उठाकर नीचे कूद गया और फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि वार्ड के बाहर जेल स्टाफ की ड्यूटी भी लगी हुई थी, बावजूद इसके कैदी भागने में सफल रहा। घटना का पता चलने पर अस्पताल और पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार जितेंद्र भाटी नकली नोटों की हेराफेरी से जुड़े मामले में दोषी ठहराया गया था। सारंगपुर थाना क्षेत्र के इस प्रकरण में उसे सजा सुनाई गई थी। पुलिस ने फरार कैदी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story