राजगढ़ः कलेक्टर ने की सहकारी बैंक शाखाओं की समीक्षा, लोन वसूली व सदस्यता वृद्धि के दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः कलेक्टर ने की सहकारी बैंक शाखाओं की समीक्षा, लोन वसूली व सदस्यता वृद्धि के दिए सख्त निर्देश


राजगढ़, 22 अप्रैल(हि.स.)। कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजगढ़ की सभी शाखाओं की कार्यप्रगति की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा में कृषि ऋण (केसीसी) वसूली, नवीन सदस्यता वृद्धि तथा अमानत जमा की स्थिति का शाखावार परीक्षण किया गया।

कलेक्टर डाॅ.मिश्रा ने निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में शिथिलता पाए जाने पर नाराजगी जताई। सुठालिया शाखा प्रबंधक की कार्यप्रणाली असंतोषजनक पाए जाने पर उनके विरुद्ध निलंबन का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों को चेतावनी दी कि कालातीत (ओवरड्यू) ऋणों की वसूली में तेजी लाएं और तय समय- सीमा में लक्ष्य पूर्ण करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी शाखाओं को नवीन सदस्यता बढ़ाने, अमानत (डिपॉजिट) जुटाने एवं उपार्जन कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। आगामी समीक्षा बैठक में सभी शाखाओं को अपने कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगी। अंत में कलेक्टर ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story