राजगढ़ के ब्यावरा में गैस रिसाव से दर्दनाक हादसा, विस्फोट में रिटायर्ड इंजीनियर की मौत, पत्नी गंभीर रूप से झुलसी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ के ब्यावरा में गैस रिसाव से दर्दनाक हादसा, विस्फोट में रिटायर्ड इंजीनियर की मौत, पत्नी गंभीर रूप से झुलसी


राजगढ़/ब्यावरा, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित शिवधाम कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने इलाके को दहला दिया। गैस रिसाव के चलते हुए जोरदार विस्फोट में 85 वर्षीय रिटायर्ड इंजीनियर सुरेश सिंह भल्ला की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी पद्मावती भल्ला गंभीर रूप से झुलस गईं। उनका अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 6 बजे की है। आशंका है कि रसोई में रखे गैस सिलेंडर से रातभर धीमी गति से गैस रिसती रही, जिससे बंद कमरे में गैस भर गई। सुबह जब सुरेश सिंह भल्ला रसोई में पहुंचे और चूल्हा जलाने का प्रयास किया, तभी कमरे में जमा गैस ने विस्फोट का रूप ले लिया।

धमाका इतना तेज था कि पूरा घर हिल गया। आग की तेज लपटों ने सुरेश सिंह भल्ला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। विस्फोट के असर से घर के खिड़की-दरवाजे टूट गए और दीवारों में दरारें आ गईं। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के साथ घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

गंभीर रूप से झुलसे सुरेश सिंह भल्ला को तत्काल ब्यावरा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें भोपाल रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी पद्मावती भल्ला भी इस हादसे में झुलसी हैं और उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि मूल रूप से हरियाणा के पानीपत निवासी यह दंपती पिछले करीब 13 वर्षों से ब्यावरा में रह रहा था। उनकी कोई संतान नहीं है और वे अकेले ही निवास कर रहे थे।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। देहात थाना पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह गैस रिसाव सामने आ रही है, हालांकि सभी तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story