मध्यप्रदेश में ड्रग निर्माण नेटवर्क का किया राजस्थान पुलिस ने किया भंडाफोड
आगरमालवा, 04 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान की झालावाड़ पुलिस द्वारा मादक पदार्थ की तस्करी एवं अवैध ड्रग निर्माण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना झालरापाटन एवं जिला स्पेशल टीम ने मध्य प्रदेश में संचालित ड्रग निर्माण नेटवर्क से जुड़े 320.72 किलोग्राम संदिग्ध केमिकल को जब्त कर तीन आरोपियों को डिटेन किया है। जप्त किये गये केमिकल का उपयोग मादक पदार्थ निर्माण में प्रयुक्त होता है।
बुधवार को राजस्थान के झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि डीआरआई जयपुर से प्राप्त गोपनीय इनपुट के आधार पर जिला स्तर पर संयुक्त रणनीति तैयार की गई तथा सूचना के अनुसार यह केमिकल महाराष्ट्र से कोटा होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था, जहां इसका उपयोग ड्रग निर्माण में किया जाना था। दिनांक 03 फरवरी 2026 की रात्रि को थाना झालरापाटन क्षैत्र में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक फोर्ड कार को रोका गया, जिसमें सवार व्यक्तियों से पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 320.72 किलोग्राम संदिग्ध केमिकल बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उक्त केमिकल की डिलीवरी लेने के लिए जननारायण उर्फ मामू एवं उसके सहयोगी रामलाल, निवासी सुसनेर आगरमालवा मौके पर पहुंचे थे। दोनों को डिटेन कर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि यह केमिकल मादक पदार्थ एमडी/सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण में प्रयुक्त किया जाना था। प्राप्त जानकारी के आधार पर झालावाड़ पुलिस की जिला स्पेशल टीम ने मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के सुसनेर एवं राजगढ़ जिले के ग्राम माचलपुर में दबिश दी। वहां से मादक पदार्थ निर्माण से संबंधित उपकरण, केमिकल एवं अन्य सामग्री बरामद की गई। मामले में दीपक पुत्र श्यामलाल ब्राह्मण, उम्र 30 वर्ष निवासी नरवल, पुलिस थाना जिला आगरमालवा, जितेंद्रसिंह पुत्र कंवरसिंह राजपूत, उम्र 41 वर्ष निवासी ग्राम गोंदलमऊ पुलिस थाना नलखेड़ा, जिला आगरमालवा, शैलेन्द्र उर्फ शेलू पुत्र चंदू विलाला, उम्र 26 वर्ष निवासी गोंदलमऊ पुलिस थाना नालखेड़ा जिला आगरमालवा, जयनारायण उर्फ मामू निवासी छावनी आगरमालवा तथा डिलीवरी लेने वाला रामलाल, निवासी सुसनेर आगरमालवा को डिटेन किया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। बरामद केमिकल की फोरेंसिक जांच, ड्रग फैक्ट्री संचालन, सप्लाई चेन एवं फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा अन्य राज्यों से जुड़े नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

