रायसेन में बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, स्टेट हाईवे-44 पर लगा जाम

WhatsApp Channel Join Now
रायसेन में बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, स्टेट हाईवे-44 पर लगा जाम


रायसेन, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के भंवरगढ़ गांव में बिजली आपूर्ति की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सिलवानी-गैरतगंज स्टेट हाईवे-44 पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण सड़क पर बैठ गए, जिससे हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित है। बिजली नहीं रहने के कारण जहां घरेलू और रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं, वहीं बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक उन्होंने बिजली समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के बाद उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।

हाईवे पर वाहनों की लगी कतार

चक्काजाम के कारण स्टेट हाईवे-44 पर दोनों दिशाओं में वाहनों की कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद गैरतगंज पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया। गैरतगंज थाना प्रभारी डीपी लोहिया ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनकी बिजली संबंधी समस्या के समाधान और आपूर्ति बहाल कराने के संबंध में आश्वासन दिया।

आश्वासन के बाद समाप्त किया प्रदर्शन

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। इसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हुआ और करीब एक घंटे में स्थिति सामान्य हो सकी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि गांव में बिजली आपूर्ति की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि रोजमर्रा के कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित न हो। प्रदर्शन के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story