रायसेन में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि, पुलिस स्मृति दिवस पर शस्त्र उल्टे कर जवानों ने किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
रायसेन में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि, पुलिस स्मृति दिवस पर शस्त्र उल्टे कर जवानों ने किया नमन


रायसेन, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला पुलिस लाइन में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। शोक परेड के दौरान पुलिस जवानों ने शस्त्र उल्टे कर और सिर झुकाकर वीर शहीदों को नमन किया।

पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने पिछले एक वर्ष में देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 150 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। इसके बाद कलेक्टर रोहित सिसोनिया सहित पुलिस अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जवानों ने मौन रखकर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान होमगार्ड कमांडेंट उमेश तिवारी, आरआई उजमा खान सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के 10 जवानों की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिन देशभर में कर्तव्य के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को याद कर उनके साहस, समर्पण और सेवा भावना को नमन किया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764180 Articles

Share this story