रायसेन: ट्रांसफार्मर चोरी के बाद तीन साल से बंद सबस्टेशन, बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों का कलेक्ट्रेट पर धरना

WhatsApp Channel Join Now
रायसेन: ट्रांसफार्मर चोरी के बाद तीन साल से बंद सबस्टेशन, बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों का कलेक्ट्रेट पर धरना


रायसेन, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के ग्राम जमुनिया खेजड़ा का 33/11 केवी बिजली सबस्टेशन पावर ट्रांसफार्मर (पीटीआर) चोरी होने के बाद से पिछले तीन साल से बंद पड़ा है। सबस्टेशन चालू नहीं होने से बिजली संबंधी परेशानियों का सामना कर रहे ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट गेट पर धरना देकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से नया ट्रांसफार्मर लगाकर सबस्टेशन जल्द शुरू कराने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि सबस्टेशन बंद होने के कारण गांव में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं। इसका असर खेती-किसानी, पानी की आपूर्ति और अन्य जरूरी कामों पर पड़ रहा है। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

धरने के दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर बिजली विभाग को नया पावर ट्रांसफार्मर लगाने और बंद सबस्टेशन को जल्द चालू कराने के निर्देश देने की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफार्मर चोरी होने के बाद से अब तक सबस्टेशन की व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी है। उन्होंने समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को समस्या के निराकरण का भरोसा दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story