(अपडेट) रायसेनः पुल ढहने की घटना में एक युवक की मौत, प्रबंधक को किया गया निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) रायसेनः पुल ढहने की घटना में एक युवक की मौत, प्रबंधक को किया गया निलंबित


- कलेक्टर तथा एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की ली जानकारी, घटनास्थल का भी किया निरीक्षण

रायसेन, 01 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के बरेली–पिपरिया स्टेट हाईवे पर नयागांव में पुल ढहने के हादसे में घायल बाइक सवार देवेंद्र सिंह धाकड़ (35) की मौत हो गई। वह अपनी बहन की विदाई कर लौट रहा था। भोपाल एम्स में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पुल को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। लापरवाही के चलते प्रबंधक ए.ए. खान को सस्पेंड कर दिया है। तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जो सात दिन में रिपोर्ट देगी।

गौरतलब है कि सोमवार को पुल अचानक भरभराकर ढह गया था। उस समय पुल के ऊपर से गुजर रहीं दो बाइक्स नीचे गिर गई थीं, जिससे एक मजदूर और चार बाइक सवार घायल हुए थे। सभी को पहले बरेली सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में भोपाल एम्स रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा बरेली सिविल अस्पताल पहुंचे तथा घायलों से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही डॉक्टर्स से भी घायलों के उपचार की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत कलेक्टर विश्वकर्मा ने नयागांव पहुंचकर घटना स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता भी साथ रहे।

कलेक्टर विश्वकर्मा ने बताया कि इस पुल का निर्माण वर्ष 1980 में लोक निर्माण विभाग द्वारा किया गया था तथा मार्ग वर्ष 2010 से मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम के संधारण में है। एडीबी योजना अंतर्गत तैयार किए गए आरएएम्स सॉफ्ट्वेयर के अनुसार पुल के सर्वे में विभिन्न अवयव यथा स्लैब के रीनफोरसमेंट में जंग, एक्सपेंशन ज्वाइंट में कचरा, प्रोटेक्शन वर्क खराब होना पाया गया था। इस ऑब्जर्वेशन के आधार पर पुल के मरम्मत एवं पुननिर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया था। पुल के संधारण के लिए 98 लाख रू की स्वीकृति 29 मई 2025 को प्रदान की गई थी। सोमवार को पुल की मरम्मत के दौरान बरेली साईड का एक स्पान गिर गया, जिसमें दो मोटरसाईकल पर सवार चार युवक गिर गए। जिनका उपचार बरेली सिविल अस्पताल में चल रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्य अभियंता की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित पुल के संधारण का दायित्व संबंधित फील्ड स्टॉक का है। अतः प्रबंधक एए खान को निलंबित किया गया है। वर्तमान एवं तत्कालीन संभागीय प्रबंधक एवं सहायक महाप्रबंधकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। साथ ही मुख्य अभियंता गोपाल सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है जो सात दिवस में जांच रिपोर्ट पेश करेगी, तदानुसार अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। वर्तमान में यातायात ग्राम नयागांव में स्थित पुरानी पुलिया के माध्यम से चलाया जा रहा है। साथ ही क्षतिग्रस्त पुल के बगल में पाईप डायवर्जन बनाया जा रहा है।

इधर, रायसेन एसडीओपी केएस मुकाती ने बताया कि हादसे में चार युवक घायल हुए थे। इनमें से इलाज के दौरान देवेंद्र की मौत हो गई है। अन्य घायलों में जगदीश केवट, महेश केवट और देवेंद्र लोधी शामिल हैं। सभी घायलों के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, एसडीओपी और तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story