भोपाल : ग्लोबल स्किल पार्क के सामने बड़ी कार्रवाई, 70 दुकानें और 42 झुग्गियां हटाईं
भोपाल, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के रायसेन रोड के चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पिपलानी चमारन स्थित लेबर कॉलोनी झुग्गी बस्ती और ग्लोबल स्किल पार्क के सामने से 70 दुकानें तथा 42 झुग्गियां हटाई गईं। प्रशासन के अनुसार अतिक्रमणमुक्त कराई गई जमीन का बाजार मूल्य 40 करोड़ रुपए से अधिक है।
कार्रवाई एसडीएम भुवन गुप्ता और तहसीलदार सौरभ वर्मा की मौजूदगी में प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के संयुक्त अमले ने की। सुबह शुरू हुई कार्रवाई दोपहर तक चली। प्रशासन का कहना है कि संबंधित लोगों ने पीडब्ल्यूडी सड़क की भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर रखा था, जिससे सड़क चौड़ीकरण परियोजना प्रभावित हो रही थी।
4 हजार वर्गमीटर जमीन कराई मुक्त
प्रशासन के मुताबिक लगभग 210 मीटर लंबाई में सड़क के दोनों ओर करीब 4 हजार वर्गमीटर (लगभग 43 हजार वर्गफीट) सरकारी जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई। इस भूमि की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसी स्थान पर अब पीडब्ल्यूडी द्वारा फोरलेन सड़क और पुल का निर्माण कराया जाएगा।
कांग्रेस ने किया विरोध, पुनर्वास की उठाई मांग
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का स्थानीय लोगों और कांग्रेस नेताओं ने विरोध किया। कांग्रेस का आरोप है कि प्रभावित परिवारों और दुकानदारों को पर्याप्त समय और वैकल्पिक व्यवस्था दिए बिना कार्रवाई की गई। श्रमिक नेता दीपक गुप्ता ने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर गरीब और मेहनतकश लोगों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उनका आरोप है कि बरसात के मौसम में लोगों को बेघर और बेरोजगार करना संवेदनहीनता को दर्शाता है। स्थानीय पार्षद जीत राजपूत ने कहा कि यदि सड़क चौड़ीकरण आवश्यक था तो प्रभावित परिवारों और व्यापारियों को पहले उचित नोटिस देकर पुनर्वास एवं वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए थी। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित लोगों के पुनर्वास और मुआवजे की मांग की है।
प्रशासन का पक्ष
प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। अधिकारियों के अनुसार विकास कार्यों में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को हटाकर परियोजना का मार्ग प्रशस्त किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

