रायसेन में 5 महीने से बिना फिटनेस दौड़ रही कॉलेज बस, छात्रों ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
रायसेन में 5 महीने से बिना फिटनेस दौड़ रही कॉलेज बस, छात्रों ने किया प्रदर्शन


रायसेन, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में शासकीय पीएम श्री एक्सीलेंस कॉलेज में विद्यार्थियों के परिवहन के लिए संचालित बस की फिटनेस पांच महीने पहले समाप्त होने के बावजूद उसका संचालन जारी रहने का मामला सामने आया है। बस की खराब हालत और सुरक्षा को लेकर गुरुवार को विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्राचार्य यूनुस खान को ज्ञापन सौंपकर बस की स्थिति में सुधार और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।

विद्यार्थियों का आरोप है कि बस की फिटनेस समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद रोजाना करीब 50 विद्यार्थी इसी बस से कॉलेज आते-जाते हैं। बस की सीटें फटी हुई हैं और उसकी हालत भी खस्ताहाल है। छात्रों ने कहा कि ऐसी स्थिति में बस का संचालन विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने मांग की कि बस की फिटनेस और तकनीकी स्थिति की जांच कराए बिना उसका संचालन नहीं किया जाए।

बस की हालत खराब, फिर भी पूरी फीस लेने पर सवाल

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने बस संचालक को पूरी राशि दिए जाने पर भी आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि बस की फिटनेस समाप्त होने और उसकी खराब स्थिति के बावजूद कॉलेज प्रबंधन ने भुगतान कर दिया। विद्यार्थियों ने सवाल उठाया कि जब बस की हालत ठीक नहीं है, तो सुरक्षा संबंधी मानकों की अनदेखी कर उसका संचालन कैसे जारी रखा गया। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन से बस की फिटनेस, रखरखाव और भुगतान से जुड़े मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द समाधान किया जाना चाहिए।

प्रोफेसरों के भोपाल से आने-जाने पर भी सवाल

विद्यार्थियों ने कुछ प्रोफेसरों के भोपाल से रोजाना रायसेन आने-जाने पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इससे पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है। इस पर प्राचार्य यूनुस खान ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार प्रोफेसरों ने रायसेन में भी किराए पर कमरे ले रखे हैं। विद्यार्थियों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन पर उन्होंने आगे कार्रवाई करने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761595 Articles

Share this story