रायसेन में खाद-टोकन को लेकर किसानों का चक्काजाम, सड़क पर लेटकर जताया विरोध
रायसेन, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में खाद और टोकन वितरण की व्यवस्था से नाराज किसानों ने गुरुवार को जिला मुख्यालय के भोपाल रोड स्थित जिला विपणन कार्यालय के डबल लॉक गोदाम के सामने चक्काजाम कर दिया। खाद और टोकन लेने के लिए 800 से अधिक किसान गोदाम पहुंचे थे। टोकन नहीं मिलने और ऑनलाइन बुकिंग में आ रही दिक्कतों से नाराज किसानों ने नारेबाजी की और तत्काल खाद उपलब्ध कराने की मांग की। विरोध के दौरान कुछ किसान सड़क पर भी लेट गए।
किसानों का कहना था कि खाद की जरूरत के समय ऑनलाइन टोकन व्यवस्था उनके लिए परेशानी का कारण बन रही है। उन्होंने ऑनलाइन टोकन लेने से इनकार करते हुए मौके पर ही खाद उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही तहसीलदार भरत सिंह, थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल और नायब तहसीलदार ललित सक्सेना मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया और व्यवस्था को लेकर उनकी समस्याएं सुनीं।
‘सिर्फ 5 मिनट खुलती है वेबसाइट’
किसान संदीप मीणा ने बताया कि खाद की बुकिंग के लिए वेबसाइट सीमित समय के लिए ही खुलती है। उनके अनुसार वेबसाइट करीब पांच मिनट खुलने के बाद बंद हो जाती है, जिससे बड़ी संख्या में किसान ऑनलाइन बुकिंग नहीं कर पाते। किसानों ने ऑनलाइन प्रक्रिया को आसान बनाने और पर्याप्त समय तक पोर्टल उपलब्ध रखने की मांग की।
800 टोकन के लिए उमड़ी भीड़
जिला विपणन विभाग की ओर से 10 और 11 तारीख के लिए करीब 800 टोकन जारी किए गए थे। इन टोकन को लेने के लिए गोदाम पर बड़ी संख्या में किसान पहुंच गए। भीड़ और टोकन वितरण की व्यवस्था को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ गई, जिसके बाद उन्होंने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने प्रशासन से खाद की उपलब्धता बढ़ाने, टोकन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और ऑनलाइन बुकिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतों का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

