रायसेनः ऊर्जा मंत्री तोमर ने सनखेड़ी में नवीन 33/11 केव्ही उपकेन्द्र का किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
रायसेनः ऊर्जा मंत्री तोमर ने सनखेड़ी में नवीन 33/11 केव्ही उपकेन्द्र का किया लोकार्पण


- सनखेड़ी सहित 09 गांवों के ग्रामीणों और किसानों को मिलेगा लाभ

भोपाल, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में सांची जनपद के ग्राम सनखेड़ी में बुधवार को 05 एमव्हीए क्षमता के नवीन 33/11 केव्ही उपकेन्द्र का ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा द्वारा लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री तोमर ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि दो करोड़ 90 लाख रुपये लागत से निर्मित इस उपकेन्द्र के शुरू होने से सनखेड़ी सहित आसपास के नौ गांव के ग्रामीणों तथा किसानों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति हो सकेगी।

कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री तोमर ने विद्युत उपकेन्द्र निर्माण हेतु भूमि दान देने वाले श्री नारायण सिंह बघेल को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर पौधरोपण भी किया गया।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। गांवों में निर्बाध रूप से विद्युत की आपूर्ति हो, लॉ-वोल्टेज की समस्या ना हो! इसके लिए नवीन उपकेन्द्र बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में विद्युत की निर्बाध आपूर्ति होने से जहां बच्चों को पढ़ाई में सुविधा होगी, वहीं किसानों को भी सिंचाई के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके अलावा लो-वोल्टेज की समस्या से भी निजात मिलेगी।

कार्यक्रम में विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि इस नए 33/11 केव्ही उपकेन्द्र के बनने से विशनखेड़ी, बिजौली, सनखेड़ी, देवलखेड़ी, आलमखेड़ा, रामगढ़, झिरनिया, महुआखेड़ा एवं हिम्मतगढ़ में पर्याप्त बिजली मिलेगी। पहले इन गांवों को मेहगांव फीडर से विद्युत सप्लाई होती थी। अब इस नए फीडर से विद्युत सप्लाई होगी, जिससे लॉ-वोल्टेज और बार-बार फॉल्ट होने की समस्या दूर होगी। अब फुल वोल्टेज विद्युत मिलेगी, जिससे किसानों के पंप और घरेलू उपकरण सुरक्षित रहेंगे। इन गांवों के साथ ही मेहगांव के फीडर से जिन गांवों को विद्युत सप्लाई होगी, वहां भी गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है और आगे नहीं छोड़ेंगे। गांव-गांव को सड़कों से जोड़ा गया है, नवीन स्वास्थ्य केन्द्र, स्कूल भवन आदि का निर्माण कराया गया है। विधायक डॉ चौधरी ने क्षेत्र में स्वीकृत किए गए नवीन विकास कार्यो का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। इस अवसर पर मप्र विद्युत वितरण कम्पनी के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story