मध्य प्रदेश के 21 जिलों में आज बारिश की संभावना, 40 किमी की रफ्तार से चल सकती है आंधी
- पश्चिमी हिस्से में 2 दिन और बदलेगा मौसम
भोपाल, 21 अक्टूबर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर थम नहीं रहा है। दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने से प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में पिछले 5 दिन से आंधी-बारिश हो रही है। मंगलवार को दशहरे के दिन भी कई जगह बारिश हुई, जिससे रावण के पुतले भीग गए। अगले 2 दिन तक भी प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 21 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें इंदौर, उज्जैन, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, धार, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं। इन जिलों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।
मंगलवार को रतलाम, महू समेत प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश हुई। इसके चलते कुछ जगहों पर रावण के पुतले भीग गए, जबकि आयोजकों ने कई स्थानों पर पुतलों को बरसाती से ढंककर बचाने की कोशिश की। इससे पहले वर्ष 2022 में दशहरे के दिन तेज बारिश हुई थी। उस दौरान भोपाल में बारिश से रावण का पुतला भीगने के कारण दहन नहीं हो सका था। बाद में पुतले पर केरोसिन और पेट्रोल डालना पड़ा था। प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश के कारण रावण दहन के कार्यक्रम प्रभावित हुए थे।
बीती रात प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पचमढ़ी में रात का तापमान 17 डिग्री, कटनी के करौंदी में 17.8 डिग्री, बालाघाट के मलाजखंड में 18.1 डिग्री, छिंदवाड़ा में 18.2 डिग्री और ग्वालियर में 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर, प्रदेश के कुछ शहरों में दिन के समय गर्मी का असर भी बना हुआ है। रतलाम, खरगोन, खंडवा, मंदसौर, उज्जैन और नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश से 3 अक्टूबर को ही दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई हो चुकी है। इस बार एक ही दिन में पूरे प्रदेश से मानसून लौट गया था, लेकिन मौसम प्रणालियों के सक्रिय रहने से बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले एक सप्ताह से पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश का असर देखा जा रहा है। इनमें से कई जिलों में पिछले 5 दिन से तेज बारिश भी हो रही है। बुधवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो अक्टूबर में बारिश, गर्मी और ठंड तीनों तरह के मौसम का असर देखने को मिलता रहा है। इस बार भी ऐसा ही ट्रेंड नजर आ रहा है। अक्टूबर की शुरुआत में मौसम साफ होने के साथ धूप खिली, जबकि रात के तापमान में गिरावट से ठंडक महसूस होने लगी। वहीं, कई जिलों में बारिश का दौर भी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

