अनूपपुर: बारिश ने अमरकंटक मार्ग पर आवागमन रोका: पुलिया के उपर 1-2 फीट पानी

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: बारिश ने अमरकंटक मार्ग पर आवागमन रोका: पुलिया के उपर 1-2 फीट पानी


अनूपपुर: बारिश ने अमरकंटक मार्ग पर आवागमन रोका: पुलिया के उपर 1-2 फीट पानी


अनूपपुर: बारिश ने अमरकंटक मार्ग पर आवागमन रोका: पुलिया के उपर 1-2 फीट पानी


अनूपपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पिछले 3 दिन से बारिश का दौर जारी है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण मौसम में बदलाव हुआ है। दिन-रात बारिश हो रही है। कई इलाकों में तेज हवाएं भी चल रही हैं।

बुधवार दोपहर पोडकी मुख्य मार्ग से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक जाने वाले रास्ते की पुलिया पर 1-2 फीट पानी बहने लगा है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए अमरकंटक पुलिस ने दोनों ओर रस्सी लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। यह रास्ता इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय परिसर के साथ छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले को भी जोड़ता है। वहीं राजेंद्रग्राम में गायत्री मंदिर के पास दशकों पुराने रपटे पर बरसाती नाले का पानी उफान पर है।

राजेंद्रग्राम में रपटे पर बढ़ा पानी का स्तर

राजेंद्रग्राम में गायत्री मंदिर के पास दशकों पुराने रपटे पर बरसाती नाले का पानी उफान पर है। फिलहाल पानी नाले के आसपास ही भरा है। लेकिन रात में जलस्तर बढ़ने की आशंका है। इससे पहले 16 अगस्त को भी भारी बारिश के बाद यह रपटा 7 से 8 फीट पानी में डूब गया था। इससे दोपहर 3 बजे तक आवागमन बाधित रहा था।

अमरकंटक में कोहरे के कारण कम दृश्यता

अनूपपुर जिला मुख्यालय, जैतहरी, फुनगा, दैखल और राजेंद्रग्राम समेत कई क्षेत्रों में बारिश हो रही है। बिजुरी में रात की बारिश के बाद सुबह से बारिश थमी हुई है। बिजुरी और कोतमा में आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। अमरकंटक में तेज बारिश के बाद घना कोहरा छाया हुआ है। इससे दृश्यता काफी कम हो गई है।

जिले में पिछले 24 घंटे में औसतन 43.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। अनूपपुर में 41.5 मिमी, कोतमा में 38 मिमी, बिजुरी में 32.2 मिमी और जैतहरी में 42.4 मिमी बारिश हुई है। वेंकटनगर में 61.5 मिमी, पुष्पराजगढ़ में 46.4 मिमी, अमरकंटक में 48 मिमी और बेनीबारी में 36.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

जिले में अब तक सामान्य से 76 मिमी ज्यादा बारिश

1 जून से अब तक जिले में 802.1 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। जिले की सामान्य औसत बारिश 732.8 मिमी है। इस तरह अब तक सामान्य औसत से करीब 69.3 ज्यादा बारिश हो चुकी है।

पिछले साल अब तक 726.2 मिमी बारिश हुई थी। पिछले साल की तुलना में इस साल करीब 76 मिमी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

लगातार बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी जमा हो गया है। इससे धान की फसल को फायदा मिलने की बात कही जा रही है। अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रह सकता है। इस दौरान रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story