मंदसौर में बारिश से नदी-नाले उफान पर, कलाभाटा बांध के गेट खोले, पुलिस ने रोका आवागमन

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर में बारिश से नदी-नाले उफान पर, कलाभाटा बांध के गेट खोले, पुलिस ने रोका आवागमन


मंदसौर, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार को भी जारी रहा। लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया और कई पुलियाओं पर पानी आ गया। पशुपतिनाथ मंदिर की छोटी पुलिया तथा नाहरगढ़-बिल्लोद मार्ग की पुलिया पर पानी आने के बाद एहतियात के तौर पर आवागमन रोकना पड़ा। हालांकि बुधवार दोपहर कुछ समय के लिए मौसम खुला और धूप निकली, लेकिन शाम होते ही आसमान फिर बादलों से घिर गया।

पिछले 24 घंटे में जिले में 1.82 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि 48 घंटे में कुल 3.38 इंच वर्षा हो चुकी है। मंदसौर शहर के अलावा दलौदा, अफजलपुर, सीतामऊ, नाहरगढ़, भानपुरा, गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, मल्हारगढ़, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, डिगांव और बरखेड़ा सहित अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हुई।

पुलियाओं पर पानी, पुलिस ने रोका आवागमन

लगातार बारिश के चलते पशुपतिनाथ मंदिर की छोटी पुलिया जलमग्न हो गई। कलाभाटा बांध में पानी की आवक बढ़ने के बाद गेट खोले गए, जिससे शिवना नदी का जलस्तर भी बढ़ गया। सुरक्षा को देखते हुए छोटी पुलिया से आवागमन बंद कर दिया गया। पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहकर लोगों को पुलिया पार करने से रोकते रहे।

इसी तरह नाहरगढ़-बिल्लोद मार्ग पर शिवना नदी की पुलिया पर भी पानी आ गया। यहां भी यातायात रोक दिया गया। नाहरगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को पानी के बीच से पुलिया पार करने से रोका।

एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

पुलिया पर पानी बढ़ने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना नाहरगढ़-बिल्लोद पुलिया पहुंचे। उन्होंने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस द्वारा जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।

कलाभाटा बांध के गेट खोले

लगातार बारिश के कारण कलाभाटा बांध में पानी की आवक बढ़ गई है। मंगलवार को बांध के दो छोटे गेट करीब तीन-तीन फीट खोले गए थे। बुधवार को भी एक गेट करीब तीन फीट तक खोला गया। बांध से पानी छोड़े जाने और लगातार बारिश के कारण शिवना नदी का जलस्तर बढ़ा, जिसका असर पशुपतिनाथ मंदिर की छोटी पुलिया पर भी दिखाई दिया।

अब तक 19.18 इंच बारिश

जिले में चालू मानसूनी सीजन में अब तक 19.18 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक 19.76 इंच वर्षा हुई थी। इस लिहाज से इस साल अब तक पिछले वर्ष की तुलना में 0.58 इंच कम बारिश हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार 12 से 15 अगस्त के बीच जिले में मानसून की गतिविधियां और सक्रिय रह सकती हैं। इस दौरान कई क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। 16 अगस्त के बाद बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने का अनुमान है, हालांकि मानसून के सक्रिय बने रहने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story