तूफान 'अकवान' के असर से मध्य प्रदेश के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट, शाजापुर के गिरवर में पारा 8.7 डिग्री

WhatsApp Channel Join Now
तूफान 'अकवान' के असर से मध्य प्रदेश के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट, शाजापुर के गिरवर में पारा 8.7 डिग्री


- भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित पश्चिमी हिस्सों में बढ़ी ठंड

भोपाल, 22 नवम्बर (हि.स.) । चक्रवाती तूफान 'अकवान' और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के चलते मध्य प्रदेश में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश का दौर जारी है, जबकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित पश्चिमी हिस्सों में ठंड बढ़ गई है। रविवार को प्रदेश के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, शाजापुर जिले के गिरवर में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश हो सकती है। शनिवार को भी मंडला, सिंगरौली, डिंडौरी, मैहर, रीवा और सीधी सहित कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। इससे पहले अनूपपुर के अमरकंटक में करीब एक इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी।

उज्जैन में स्कूलों का समय बदला

बढ़ती ठंड को देखते हुए उज्जैन जिले में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जारी आदेश के मुताबिक, नर्सरी से आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई सुबह 9 बजे से पहले शुरू नहीं होगी। यह फैसला बच्चों को सुबह की ठंड से राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है।

गिरवर में सबसे कम 8.7 डिग्री तापमान

मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, बीती रात शाजापुर जिले के गिरवर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां लगातार दूसरी रात ठंड का असर सबसे ज्यादा रहा।

अन्य शहरों में बैतूल में 9.2 डिग्री, नीमच जिले के मरुखेड़ा, छतरपुर के नौगांव और भोपाल में 9.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। रायसेन में न्यूनतम तापमान 10.6, धार में 10.9 और खजुराहो में 11.4 डिग्री रहा। रतलाम और नरसिंहपुर में 12.2 डिग्री, उज्जैन में 12.5 तथा इंदौर में 12.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। इसी तरह श्योपुर में 12.8 डिग्री, दतिया, ग्वालियर और खरगोन में 13 डिग्री, खंडवा में 13.4 और गुना में 14.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

बारिश और ठंडी हवाओं से बदला मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में चक्रवाती तूफान का प्रभाव बना हुआ है। इसके साथ ही पूर्वी हिस्से में एक निम्न दबाव का क्षेत्र भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर चल रहा है। दूसरी ओर, कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते उत्तर से ठंडी हवाएं प्रदेश में पहुंच रही हैं। बारिश और सर्द हवाओं के संयुक्त असर से तापमान में गिरावट आई है और ठंड का प्रभाव बढ़ गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781234 Articles

Share this story