संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में आधी रात विजिलेंस का औचक छापा, दो टीटीई की जांच में नहीं मिली गड़बड़ी

WhatsApp Channel Join Now
संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में आधी रात विजिलेंस का औचक छापा, दो टीटीई की जांच में नहीं मिली गड़बड़ी


जबलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम ने सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर एमपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में औचक जांच की। इस दौरान ट्रेन में ड्यूटी कर रहे दो टिकट चेकिंग कर्मचारियों के रिकॉर्ड और नकदी की जांच की गई। जांच में दोनों टीटीई के पास किसी तरह की अनियमितता नहीं मिली। हालांकि, टिकट जांच के दौरान कुछ यात्री बिना टिकट दूसरे कोचों में यात्रा करते पाए गए।

जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12122 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के सागर स्टेशन से रवाना होने के बाद विजिलेंस टीम ने जांच शुरू की। टीम ने जबलपुर के टिकट चेकिंग स्टाफ अमन शाह और राजेश मिश्रा के दस्तावेजों के साथ उनके पास मौजूद रेलवे कैश और निजी नकदी का मिलान किया। जांच में दोनों कर्मचारियों का हिसाब सही पाया गया। किसी के पास भी अतिरिक्त राशि नहीं मिली।

इसके बाद विजिलेंस टीम ने ट्रेन के विभिन्न कोचों में यात्रियों के टिकटों की जांच की। इस दौरान मैन-टू-मैन चेकिंग में कुछ यात्री बिना टिकट दूसरे कोचों में यात्रा करते मिले। बताया गया कि ये यात्री संबंधित टीटीई को जानकारी दिए बिना दूसरे कोच में जाकर सो गए थे। ऐसे यात्रियों के खिलाफ रेलवे नियमों के तहत ईएफटी जारी कर किराये के अंतर की राशि वसूली गई और टिकट बनाए गए।

विजिलेंस की अचानक हुई कार्रवाई से ट्रेन में तैनात कर्मचारियों और यात्रियों के बीच काफी देर तक हलचल रही। हालांकि, जांच के दौरान दोनों टीटीई के खिलाफ कोई अनियमितता सामने नहीं आई।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story