जबलपुर मण्डल के चुरहट, देवेंद्र नगर एवं फुलवारी सहित 3 नए रेलवे स्टेशन यात्री यातायात हेतु खोले गए

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर मण्डल के चुरहट, देवेंद्र नगर एवं फुलवारी सहित 3 नए रेलवे स्टेशन यात्री यातायात हेतु खोले गए


जबलपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेल रेल के जबलपुर मंडल के अंतर्गत चुरहट, देवेंद्र नगर एवं फुलवारी तीन स्टेशनों को अक्टूबर माह में यात्री यातायात के लिए खोला गया है। इनमें रीवा–सिंगरौली रेलखंड पर चुरहट तथा सतना–पन्ना रेलखंड पर देवेंद्र नगर एवं फुलवारी स्टेशन शामिल हैं।

पश्चिम मध्य रेल मंडल के जबलपुर कार्यालय द्वारा सोमवार को जारी जानकारी के अनुसार इन तीनों स्टेशनों को यात्री सुविधाओं की दृष्टि से एनएसजी-6 श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है। इन स्टेशनों के प्रारंभ होने से आसपास के क्षेत्रों एवं गांवों के स्थानीय लोगों को बेहतर रेल संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनकी आवागमन संबंधी सुविधा बढ़ेगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

पश्चिम मध्य रेल में अब कुल 313 स्टेशन यात्री यातायात के लिए संचालित हैं। इनमें जबलपुर मंडल के 119, भोपाल मंडल के 88 तथा कोटा मंडल के 106 स्टेशन शामिल हैं। इन नए स्टेशनों के प्रारंभ होने से स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र के पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों का आवागमन सुगम होगा, जिससे पर्यटन गतिविधियों, स्थानीय व्यवसायों, होटल एवं परिवहन सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, औद्योगिक क्षेत्रों एवं स्थानीय उत्पादों के बाजारों तक पहुंच आसान होने से उद्योगों, व्यापारिक गतिविधियों तथा निवेश की संभावनाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।

इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित होने के साथ क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी। पश्चिम मध्य रेल द्वारा यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेल नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में निरंतर वृद्धि के लिए इसी प्रकार आगे भी प्रयास जारी रखे जाएंगे, ताकि अधिकाधिक क्षेत्रों को रेल सुविधा से जोड़कर पर्यटन, औद्योगिक एवं आर्थिक विकास तथा रोजगार के नए अवसरों को प्रोत्साहित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story