टिकट चेकिंग में पश्चिम मध्य रेलवे की बड़ी कमाई, पांच माह में 64.76 करोड़ रुपये वसूले

WhatsApp Channel Join Now
टिकट चेकिंग में पश्चिम मध्य रेलवे की बड़ी कमाई, पांच माह में 64.76 करोड़ रुपये वसूले


जबलपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे में बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वालों पर शिकंजा कसने का असर रेलवे के राजस्व पर भी दिखाई दिया है। चालू वित्तीय वर्ष के शुरुआती पांच महीनों में टिकट जांच अभियानों के जरिए रेलवे ने 64 करोड़ 76 लाख रुपये की वसूली की है। पिछले साल इसी अवधि में प्राप्त 60 करोड़ 38 लाख रुपये के मुकाबले इस बार रेलवे की आय में 7.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर मंडल की ओर से शनिवार को जारी सूचना के मुताबिक, जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडल में बिना टिकट, अनियमित टिकट तथा बिना बुक कराए सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए गए। इन कार्रवाइयों के दौरान अतिरिक्त किराया और जुर्माने के रूप में रेलवे को यह राजस्व प्राप्त हुआ।

पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के निर्देश पर तीनों मंडलों में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य अधिकारियों के नेतृत्व में टिकट जांच अभियान संचालित किए गए। यात्री ट्रेनों के अलावा रेलवे स्टेशनों पर भी जांच की गई। रेलवे मजिस्ट्रेट चेकिंग के माध्यम से भी अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हुई।

अभियानों के दौरान पांच माह में कुल 7 लाख 80 हजार मामले पकड़े गए। इनमें बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट पर सफर और बिना बुक कराए सामान के साथ यात्रा करने के मामले शामिल हैं। रेलवे ने इन यात्रियों से अतिरिक्त किराया एवं जुर्माना वसूलकर 64.76 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया।

मंडलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो टिकट जांच से राजस्व जुटाने में जबलपुर मंडल सबसे आगे रहा। यहां 3 लाख 57 हजार मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे ने 31 करोड़ 39 लाख रुपये की वसूली की।

भोपाल मंडल में 2 लाख 61 हजार मामलों से 20 करोड़ 09 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं कोटा मंडल में 1 लाख 49 हजार मामलों में कार्रवाई की गई और रेलवे को 12 करोड़ 29 लाख रुपये की आय हुई।

मंडलवार टिकट जांच का आंकड़ा

जबलपुर मंडल: 3 लाख 57 हजार मामले, 31 करोड़ 39 लाख रुपये राजस्व।

भोपाल मंडल: 2 लाख 61 हजार मामले, 20 करोड़ 09 लाख रुपये राजस्व।

कोटा मंडल: 1 लाख 49 हजार मामले, 12 करोड़ 29 लाख रुपये राजस्व।

मुख्यालय की टीम ने भी पकड़े 13 हजार मामले

पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्यालय सीसीएम स्क्वाड की ओर से भी टिकट जांच अभियान चलाए गए। इन अभियानों में बिना टिकट, अनबुक्ड लगेज और अनियमित टिकट से जुड़े 13 हजार मामले सामने आए। कार्रवाई के बाद इन मामलों से 99 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया गया।

रेलवे प्रशासन के मुताबिक, टिकट जांच अभियानों का उद्देश्य यात्रियों को नियमों के अनुरूप यात्रा करने के लिए प्रेरित करना और बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा पर रोक लगाना है। इसके लिए वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल के समन्वय से जांच की जा रही है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले उचित टिकट अवश्य लें। बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने पर अतिरिक्त किराया और जुर्माना देना पड़ सकता है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को व्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story