राजगढ़ः एक माह तक चली निशुल्क जल सेवा का समापन, रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पिलाया शीतल जल
राजगढ़, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा रेलवे स्टेशन पर भीषण गर्मी के बीच यात्रियों की सेवा के उद्देश्य से ब्यावरा जागृति महिला मंडल द्वारा पिछले एक माह से निशुल्क जल सेवा अभियान चलाया जा रहा था, जिसका समापन सोमवार को किया गया।
अधिक मास के दौरान लगातार चले इस सेवा कार्य में संस्था के सदस्यों, समाजसेवियों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। महिला मंडल की सचिव रचना भार्गव ने बताया कि भीषण गर्मी, 45 डिग्री तापमान, उमस और गर्म हवाओं के बावजूद प्रतिदिन रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया गया। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कोई भी यात्री प्यासा न रहे।
उन्होंने बताया कि जागृति महिला मंडल पिछले नौ वर्षों से ग्रीष्मकाल में इस प्रकार की जल सेवा का आयोजन करता आ रहा है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में सेवाभावी नागरिकों ने सहयोग करते हुए अभियान को सफल बनाया। एक माह तक चली इस सेवा के दौरान हजारों यात्रियों को निशुल्क शीतल जल पिलाया गया। जल सेवा अभियान के समापन अवसर पर संस्था द्वारा सहयोग करने वाले सभी समाजसेवियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान अजय दीक्षित, इरशाद हैदर, पुरुषोत्तम लाल शर्मा, संदीप पाराशर, बृजेश त्रिवेदी, अशोक खत्री, सुनील शिवहरे, राजाराम शिवहरे, सीमा शिवहरे, पूनम गुप्ता, इंदिरा कुशवाह, विशाल साहू, केशव दीक्षित, मुख्तार अंसारी, रितेश अग्रवाल, घनश्याम पाराशर, वेदांश पचैरी, उन्नति शिवहरे सहित अनेक समाजसेवियों ने सेवा कार्य में योगदान दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

