राजगढ़ःभीषण गर्मी में यात्रियों को राहत, रेलवे स्टेशन पर जागृति महिला मंडल की जल सेवा जारी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःभीषण गर्मी में यात्रियों को राहत, रेलवे स्टेशन पर जागृति महिला मंडल की जल सेवा जारी


राजगढ़, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भीषण गर्मी और तेज तपिश के बीच यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ब्यावरा जागृति महिला मंडल (रचनात्मक समाजसेवी संस्था) द्वारा रेलवे स्टेशन पर निशुल्क शीतल जल सेवा का अभियान निरंतर जारी है।

पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर प्रारंभ की गई यह सेवा प्रतिदिन संचालित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में समाजसेवी महिलाएं, बच्चे और नागरिक सहयोग कर रहे हैं।

संस्था की सचिव रचना भार्गव ने शनिवार को बताया कि जल सेवा को धर्मशास्त्रों में सबसे श्रेष्ठ सेवाओं में से एक माना गया है। इसी भावना के साथ संस्था हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को ठंडा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करा रही है। भीषण गर्मी में दूर-दराज से आने-जाने वाले यात्रियों को इस सेवा से काफी राहत मिल रही है। जल सेवा अभियान में महिला मंडल की सदस्याएं पूरे समर्पण भाव से यात्रियों को पानी पिलाने का कार्य कर रही हैं। सेवा कार्य में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भी तन, मन और धन से सहयोग कर रहे हैं। संस्था का उद्देश्य केवल प्यासे लोगों की सेवा करना ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा और परोपकार की भावना को भी बढ़ावा देना है।

संस्था पदाधिकारियों ने नागरिकों से इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने और जल सेवा अभियान को सफल बनाने की अपील की है। उनका कहना है कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और जल सेवा उसका श्रेष्ठ माध्यम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story