जबलपुर रेलवे स्टेशन 156 साल का हुआ, मनाया गया स्टेशन महोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर रेलवे स्टेशन 156 साल का हुआ, मनाया गया स्टेशन महोत्सव


जबलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। जबलपुर रेलवे स्टेशन ने अपनी गौरवशाली यात्रा के 156 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल की ओर से शुक्रवार को प्लेटफॉर्म नंबर-1 के कॉन्कोर्स एरिया में स्टेशन महोत्सव आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पश्चिम मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक एकनाथ मोहंकर ने हेरिटेज गैलरी का उद्घाटन किया। इसमें स्टेशन के 156 वर्षों के इतिहास और रेलवे की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया गया है। गैलरी आम नागरिकों और यात्रियों के लिए खोल दी गई है।

समारोह की शुरुआत आरपीएफ, स्काउट्स एवं गाइड्स की परेड और राष्ट्रगान से हुई। इस दौरान स्टेशन के इतिहास पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई, केक काटा गया और विरासत स्मारिका का विमोचन किया गया। स्काउट्स एवं गाइड्स ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, वहीं उत्कृष्ट योगदान देने वाले रेल कर्मचारियों और बच्चों को सम्मानित किया गया। क्षेत्रीय फूड फेस्टिवल में स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए।

अपर महाप्रबंधक मोहंकर ने स्टेशन की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण और रेलवे के विकास में कर्मचारियों की भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा सहित पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, स्काउट्स एवं गाइड्स और स्कूली बच्चे मौजूद रहे। अंत में अपर मंडल रेल प्रबंधक अभय कुमार गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story