अनूपपुर: मानकों के विपरीत काम कराने और साथी के ट्रांसफर से नाराज रेलवे लोको पायलट का धरने जारी

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: मानकों के विपरीत काम कराने और साथी के ट्रांसफर से नाराज रेलवे लोको पायलट का धरने जारी


अनूपपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार को चौथे दिन भी रेलवे लोको पायलटों ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रखा है।

ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन बिजुरी के बैनर तले लोको पायलटों ने स्टेशन परिसर में धरना दे रहे हैं। इससे पूर्व 4 सितंबर को उन्होंने बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक के नाम स्टेशन मास्टर बिजुरी को ज्ञापन सौंपा है। इसमें अपनी समस्याओं और मांगों को जल्द हल करने की मांग की थी। हालांकि अबतक रेलवे प्रबंधक द्वारा न तो कोई आश्वासन दिया गया है, और न ही प्रबंधक की ओर से धरना प्रदर्शन स्थल पहुंच उन्हें मनाने का प्रयास किया है।

धरना दे रहे लोको पायलटों का आरोप है कि रेलवे प्रशासन उनसे तय नियमों के हिसाब से काम नहीं ले रहा है। कर्मचारियों पर असुरक्षित तरीकों और शॉर्टकट अपनाकर ट्रेन चलाने का दबाव बनाया जाता है। रनिंग स्टाफ का कहना है कि ऐसी मुश्किल परिस्थितियों में काम करते हुए अगर कोई हादसा होता है या ट्रेन लेट होती है, तो पूरी जिम्मेदारी लोको पायलटों पर डाल दी जाती है।

प्रदर्शनकारियों ने अपने साथी लोको पायलट एमके विभूति के ट्रांसफर पर भी नाराजगी जताई है। उन पर काम में देरी का आरोप लगाकर ओडिशा के ब्रजराजनगर भेज दिया गया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार अपनी सही समस्याएं प्रबंधन के सामने रखीं, लेकिन हर बार शिकायतों को नजरअंदाज किया गया। समाधान के बजाय दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।

लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के सदस्यों ने साफ किया है कि जब तक उनकी मांगों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का पक्का समाधान नहीं होता, तब तक यह धरना जारी रहेगा। कर्मचारियों ने रेलवे प्रबंधन से ट्रेनों की सुरक्षित कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने और एमके विभूति के ट्रांसफर आदेश को रद्द करने सहित अन्य शिकायतों पर सही कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story