जबलपुर रेलवे स्टेशन पर अस्वस्थ यात्री को समय पर मिली चिकित्सीय सहायता

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर रेलवे स्टेशन पर अस्वस्थ यात्री को समय पर मिली चिकित्सीय सहायता


जबलपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एक अस्वस्थ यात्री को समय रहते चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराकर अस्पताल पहुंचाया गया। यात्री की पहचान मंजे सदा (42 वर्ष), निवासी बिहार के रूप में हुई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्री अत्यधिक कमजोरी के कारण बोलने की स्थिति में नहीं था। उसके साथ उसकी पत्नी और तीन बच्चे भी मौजूद थे।

वाणिज्य नियंत्रक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को गाड़ी संख्या 01449 पुणे–दानापुर स्पेशल के प्लेटफॉर्म क्रमांक 6 पर पहुंचने के दौरान दिव्यांगजन कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर यात्री को व्हीलचेयर की सहायता से प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 स्थित ईएमआर (इमरजेंसी मेडिकल रूम) क्लिनिक पहुंचाया।

ईएमआर क्लिनिक में पैरामेडिकल स्टाफ ने यात्री की प्राथमिक जांच की। जांच के बाद बेहतर उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई। इसके बाद 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से यात्री को शासकीय अस्पताल भेजा गया। रेल मंडल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्री को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई और सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story