सिवनी के पास शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस का ब्रेकवान पटरी से उतरा, महिला यात्री गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
सिवनी के पास शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस का ब्रेकवान पटरी से उतरा, महिला यात्री गंभीर


जबलपुर, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में शुक्रवार को शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस ट्रेन का अंतिम हिस्सा यानी ब्रेकवान खेराजी स्टेशन के समीप अचानक पटरी से उतर गया। घटना के बाद रेल खंड में हड़कंप मच गया। हादसे में एक महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर सामान्य गति से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान अचानक तेज झटका लगा और ट्रेन का ब्रेकवान पटरी से नीचे उतर गया। तेज आवाज और झटके के कारण कोचों में बैठे यात्रियों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान कोच के भीतर सामान रखने वाली जगह से एक भारी अटैची अचानक नीचे गिर गई, जो सीधे एक महिला यात्री के ऊपर जा गिरी। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञों की टीम, साथ ही रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंच गए। घायल महिला को तत्काल प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया गया।

ब्रेकवान के बेपटरी होने के बाद संबंधित रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। रेलवे का तकनीकी अमला युद्ध स्तर पर ट्रैक को दुरुस्त करने और बेपटरी हुए ब्रेकवान को वापस पटरी पर लाने के कार्य में जुटा हुआ है। समाचार लिखे जाने तक इस मार्ग पर रेल यातायात बाधित था और ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही ट्रेनों का संचालन सामान्य किए जाने की बात कही गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story