जबलपुर रेल मंडल पर भारी बारिश का कहर, ट्रैक पर कई फीट पानी 44 ट्रेनें प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर रेल मंडल पर भारी बारिश का कहर, ट्रैक पर कई फीट पानी 44 ट्रेनें प्रभावित


जबलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के सतना-मानिकपुर रेलखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। शुक्रवार रात चितहरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर कई फीट तक पानी भर गया। पानी कई किलोमीटर तक ट्रैक पर जमा होने से रेल संचालन पर असर पड़ा और दोनों दिशाओं में यातायात रोकना पड़ा।

भारी बारिश के बीच रेलवे कर्मचारियों ने मोर्चा संभाला। ट्रैक पर कमर तक पानी भरे होने के बावजूद कर्मचारी पानी में उतरकर रेल लाइन की स्थिति की निगरानी करते रहे और रेल संचालन को सुरक्षित तरीके से बहाल करने के प्रयास में जुटे रहे। बताया गया कि सतना मानिकपुर क्षेत्र में पूरी रात तेज बारिश होती रही। इसका सबसे ज्यादा असर चितहरा स्टेशन से मानिकपुर की ओर जाने वाले रेलखंड पर दिखाई दिया, जहां कई किलोमीटर तक ट्रैक जलमग्न हो गया।

भारी बारिश के कारण इस रेलखंड पर दोनों दिशाओं की 24 यात्री ट्रेनें और 20 मालगाड़ियां प्रभावित हुईं। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया, हालांकि रेलखंड पर ट्रेनों को कॉशन ऑर्डर के तहत सावधानीपूर्वक चलाया जा रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अप और डाउन दोनों दिशाओं में रेल यातायात रोक दिया। बाद में जब पानी का स्तर कुछ कम हुआ तो ट्रैक पर आगे-आगे रेलवे कर्मचारी चलते रहे और उनकी निगरानी में पीछे से ट्रेनों को धीमी गति से निकाला गया।

रेलवे के इंजीनियरिंग और सिग्नल विभाग का स्टाफ मौके पर तैनात रहा। भारी बारिश से रेल ट्रैक को हुए संभावित नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। रेल अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं, ताकि रेल यातायात को सुरक्षित और सुचारू रखा जा सके।

शनिवार को रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश के चलते चितहरा रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर पानी भर गया था। इसके कारण कई यात्री और मालगाड़ियां प्रभावित हुईं और कुछ समय के लिए रेल यातायात बाधित हुआ। हालांकि, स्थिति को नियंत्रित करते हुए रेल यातायात को अब बहाल कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story