जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म-1 पर येप्पी कैफे में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म-1 पर येप्पी कैफे में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक


जबलपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर बुधवार की शाम बड़ा अग्निकांड सामने आया। पार्सल गेट के समीप स्थित येप्पी कैफे नामक फूड स्टॉल में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों और रेल कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। घटना के दौरान प्लेटफार्म पर एक ट्रेन भी खड़ी थी, जिससे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 4 बजे प्लेटफार्म नंबर-1 के कटनी छोर पर पार्सल गेट के समीप स्थित बंद फूड स्टॉल के अंदर से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुएं ने आग की लपटों का रूप ले लिया और देखते ही देखते आग ने स्टॉल को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।

आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक उस पर काबू पाने के प्रयास किए जाते, तब तक फूड स्टॉल का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। स्टॉल के अंदर रखे बिस्कुट, चिप्स और अन्य खाद्य सामग्री आग की भेंट चढ़ गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन होना बाकी है।

इस घटना में स्टॉल के बाजू में रखे बड़े-बड़े पार्सल भी आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। आग फैलती देख रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल पार्सलों को वहां से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। रेलवे प्रशासन में घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779391 Articles

Share this story