रेल मंडल में डीआरयूसीसी की 154वीं बैठक सम्पन्न, यात्री सुविधाओं के विस्तार पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
रेल मंडल में डीआरयूसीसी की 154वीं बैठक सम्पन्न, यात्री सुविधाओं के विस्तार पर जोर


जबलपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल में मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति (डीआरयूसीसी) की 154वीं बैठक बुधवार को डीआरएम कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने की, जबकि अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार ने प्रारंभ में सभी सदस्यों का स्वागत किया।

अपने संबोधन में डीआरएम तलरेजा ने मंडल में उपलब्ध कराई जा रही यात्री सुविधाओं और अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की। इसके बाद वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मंडल की उपलब्धियों और यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने यात्री सुविधाओं के सतत विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया।

बैठक में डीआरयूसीसी के कुल नौ सदस्य उपस्थित रहे। इनमें सतना, कटनी, रीवा, दमोह, सागर और मैहर से प्रतिनिधि शामिल हुए, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे उठाए।

सदस्यों ने यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें ट्रेनों के समय में बदलाव, स्टॉपेज बढ़ाने, कोचों की संख्या में वृद्धि, ट्रेनों के फेरे बढ़ाने, नई ट्रेनों का संचालन, एबीएसएस, आरओबी और आरयूबी से जुड़े कार्यों में तेजी लाने, स्टेशनों पर साफ-सफाई में सुधार तथा छोटे स्टेशनों पर भी सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। साथ ही, सदस्यों ने जबलपुर मंडल रेल प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।

बैठक में मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा, शशांक गुप्ता, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) राम बदन मिश्रा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (कोचिंग) स्वप्निल पाटिल, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर सर्वेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story