सागर: राहुल गांधी पर एफआईआर को लेकर सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता, पुतला दहन के दौरान हुई पुलिस से तीखी झड़प

WhatsApp Channel Join Now
सागर: राहुल गांधी पर एफआईआर को लेकर सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता, पुतला दहन के दौरान हुई पुलिस से तीखी झड़प


सागर, 02 सितंबर (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी के विरोध में मध्य प्रदेश के सागर जिले में बुधवार को जिला शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार का विरोध करते हुए पुतला दहन करने के लिए पहुंचे और जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगाने का प्रयास किया, मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच इस दौरान काफी देर तक तीखी खींचतान और झूमाझटकी होती रही। पुलिस की मुस्तैदी के बावजूद प्रदर्शनकारी जलता हुआ पुतला लेकर आगे की ओर बढ़े और नारेबाजी जारी रखी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को पानी की बौछार का प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी देश में आम जनता, आदिवासियों, दलितों और युवाओं की आवाज प्रमुखता से उठा रहे हैं, इसी से बौखलाकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार उन पर झूठे और राजनीति से प्रेरित मामले दर्ज करवा रही है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी पर दर्ज की गई एफआईआर पूरी तरह से फर्जी और दुर्भावनापूर्ण तरीके से की गई है। इसे अविलंब वापस लिया जाना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि विपक्ष के नेताओं को निशाना बनाने की यह राजनीति बंद नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन करने के लिए वे बाध्य होंगे।

इस उग्र विरोध प्रदर्शन में सागर जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और छात्र संगठन एनएसयूआई के कई प्रमुख नेता व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरा प्रदर्शन स्थल कुछ समय के लिए पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचतान से छावनी में तब्दील नजर आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story