राहुल गांधी पर एफआईआर को लेकर मप्र कांग्रेस का भाजपा पर हमला, जीतू पटवारी, कमलनाथ और उमंग सिंघार ने साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी पर एफआईआर को लेकर मप्र कांग्रेस का भाजपा पर हमला, जीतू पटवारी, कमलनाथ और उमंग सिंघार ने साधा निशाना


राहुल गांधी पर एफआईआर को लेकर मप्र कांग्रेस का भाजपा पर हमला, जीतू पटवारी, कमलनाथ और उमंग सिंघार ने साधा निशाना


राहुल गांधी पर एफआईआर को लेकर मप्र कांग्रेस का भाजपा पर हमला, जीतू पटवारी, कमलनाथ और उमंग सिंघार ने साधा निशाना


भोपाल, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित तौर पर आयोजन स्थल के ‘शुद्धिकरण’ को लेकर शुरू हुआ विवाद अब मध्य प्रदेश की राजनीति में भी तूल पकड़ गया है। इस मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने साेमवार काे अलग-अलग सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने एक्स अकाउंट पर पाेस्ट करते हुए आरोप लगाया कि हल्द्वानी में खड़गे की सभा के बाद आयोजन स्थल का ‘शुद्धिकरण’ कराया गया और जब राहुल गांधी ने इसे छुआछूत से जोड़कर सवाल उठाया तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। पटवारी ने इसे भाजपा-आरएसएस की कथित दलित विरोधी मानसिकता से जोड़ते हुए कहा कि सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाने की कोशिश की जा रही है। जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि भाजपा के मौजूदा राजनीतिक सिस्टम में दलितों और वंचित वर्गों के हितों के लिए आवाज उठाने वालों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी इस मामले में जवाब मांगने की बात कही।

कमलनाथ ने कार्रवाई को बताया ‘चोरी और सीनाजोरी’

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हल्द्वानी की घटना और राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए इसे ‘चोरी और सीनाजोरी’ बताया। उन्होंने कहा कि यदि खड़गे की सभा के बाद आयोजन स्थल का शुद्धिकरण किया गया है तो यह दलित समाज के अपमान से जुड़ा गंभीर विषय है। कमलनाथ ने आरोप लगाया कि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है।

उमंग सिंघार ने भी उठाए सवाल

मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर को लेकर भाजपा पर राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि सामाजिक भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ सवाल उठाने पर एफआईआर दर्ज होना गंभीर विषय है। सिंघार ने इसे भाजपा की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए सरकार पर लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का आरोप लगाया।

उमंग सिंघार ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के विदेश में दिए ‘भारत सबका है’ संबंधी बयान का उल्लेख करते हुए भी भाजपा और संघ की विचारधारा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समानता और सामाजिक सद्भाव की बात देश के भीतर भी उसी तरह लागू होनी चाहिए।

क्या है हल्द्वानी का विवाद?

हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित तौर पर एक संगठन द्वारा वहां धार्मिक अनुष्ठान और ‘शुद्धिकरण’ किए जाने का मामला सामने आया। कांग्रेस ने इसे खड़गे की जाति से जोड़ते हुए छुआछूत और सामाजिक भेदभाव का मामला बताया है। खड़गे ने भी इस मुद्दे को संसद में उठाया था। वहीं, मामले को लेकर शिकायतकर्ता की ओर से अलग दावा किया गया है। शिकायत में कहा गया कि मैदान में साफ-सफाई अभियान और धार्मिक अनुष्ठान किया गया था तथा इसका किसी जाति विशेष या खड़गे से संबंध नहीं था। इसी विवाद के बीच राहुल गांधी द्वारा मामले पर सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दिए जाने के बाद उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story