जनसुनवाई : 30 साल से सरकारी लाभ से वंचित दिव्यांग बैगा महिला, अधिग्रहण के 14 साल बाद भी कुछ नहीं

WhatsApp Channel Join Now
जनसुनवाई : 30 साल से सरकारी लाभ से वंचित दिव्यांग बैगा महिला, अधिग्रहण के 14 साल बाद भी कुछ नहीं


जनसुनवाई : 30 साल से सरकारी लाभ से वंचित दिव्यांग बैगा महिला, अधिग्रहण के 14 साल बाद भी कुछ नहीं


जनसुनवाई : 30 साल से सरकारी लाभ से वंचित दिव्यांग बैगा महिला, अधिग्रहण के 14 साल बाद भी कुछ नहीं


अनूपपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 41 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसमें दो मामले पहला बैगा समुदाय की एक दिव्यांग महिला से जुड़ा था, जिसे 30 साल से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिला है। दूसरा एक निजी कंपनी से संबंधित था, जिसने जमीन अधिग्रहण के 14 साल बाद भी मुआवजा और रोजगार नहीं दिया। प्रभावित आवेदकों ने कलेक्टर से कार्रवाई कर लाभ दिलाने की मांग की है।

पहले मामले में कोतमा तहसील के थानगांव कुदरी हर्राटोला की रहने वाली करीब 60 साल की गीता बैगा पति भैयालाल बैगा पिछले 30 साल से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। उन्हें अब तक न तो पीएम आवास योजना का लाभ मिला है, न पंचायत से आधार कार्ड बन पाया है और न ही बैगा परिवारों को सरकार से मिलने वाली 1000 रुपए की आर्थिक सहायता मिली है। गीता बैगा दिव्यांग भी हैं।

गीता बैगा का आरोप है कि पहले वह बिजुरी नगरपालिका में रहती थीं। नगर क्षेत्र में रहने के बावजूद उन्हें पीएम आवास समेत दूसरे लाभ नहीं मिले थे। इसके बाद वह थानगांव ग्राम पंचायत में रहने लगीं, लेकिन यहां भी 30 साल बीत जाने के बाद ग्राम पंचायत ने उन्हें किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं दिया।

कंपनी ने नहीं दिया मुआवजा

दूसरे मामले में जैतहरी तहसील के गुआंरी गांव के रहने वाले संतोष राम राठौर ने कलेक्टर को आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि जैतहरी में मौजूद मोजरबेयर पावर प्लांट ने साल 2010 में उनकी करीब 10 एकड़ जमीन ले ली थी। लेकिन, 14 साल बाद भी उन्हें न तो मुआवजा मिला है और न ही रोजगार दिया गया है। संतोष राम राठौर ने इससे पहले अगस्त महीने में रोजगार और मुआवजे की मांग को लेकर आत्महत्या की चेतावनी दी थी। तब अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया था। लेकिन, किसान को उसके बाद भी न तो रोजगार मिला और न ही मुआवजे से जुड़ी समस्या हल हुई।

41 आवेदनों पर की सुनवाई

जनसुनवाई में तहसील अनूपपुर के ग्राम देवहरा निवासी लाली बैगा ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने, तहसील जैतहरी के ग्राम गुवारी निवासी संतोष राम राठौर ने मोजर वेयर द्वारा अधिकृत भूमि के एवज में मुआवजा दिलाए जाने, नगर पालिका बिजुरी निवासी राधा बैगा ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने तथा तहसील कोतमा के ग्राम थानगांव निवासी राजेश कुमार बैगा ने जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी प्रकार तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम गोंदा निवासी कलकतिया बाई ने भूमि का पट्टा दिलाए जाने, ग्राम करौंदी निवासी राम लखन महरा ने बीपीएल राशन कार्ड बनाए जाने, तहसील अनूपपुर के वार्ड क्रमांक 10 निवासी विनीता चतुर्वेदी ने भूमि का सीमांकन कराए जाने तथा ग्राम बैरीबांध निवासी सुंदरबाई ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।

जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर बलबीर रमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story