उज्जैनः सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चलेंगी सार्वजनिक बसें
उज्जैन,5 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ के दौरान अपने निजी वाहनों से आने वाले यात्रियों के लिए शहर से कुछ ही दूरी पर पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। यहां से यात्रियों को सिंहस्थ क्षेत्र में लाने और उन्हें पुन: पार्किंग स्थल तक छोडऩे के लिए सार्वजनिक बसें चलाई जाएंगी। इन बसों का संचालन सिंहस्थ मेला लगने के प्रथम दिन से किया जाएगा।
यह बात सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने शुक्रवार को आगामी सिंहस्थ महापर्व-2028 के मद्देनजर यातायात और आवागमन व्यवस्थाओं के संबंध में आयोजित बैठक में कही। मेला अधिकारी सिंह ने निर्देश दिए कि वाहनों की पार्किंग के लिए मेन पॉवर की अधिक आवश्यकता होगी। शाही स्नान, पर्व स्नान पर यातायात व्यवस्था अलग होगी। सिंहस्थ के सामान्य दिनों में अलग से व्यवस्था करना होगी। इसके लिए कार्ययोजना बनाएं। दिव्यांग जन और वृद्ध लोगों के लिए अलग से स्नान की व्यवस्था की जाएगी। श्री सिंह ने इसके लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। बताया गया कि पार्किंग व्यवस्था के लिए एक एजेंसी निर्धारित की जाएगी। पश्चात इसका क्रियान्वयन किया जाएगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि शहर में प्रवेश के लिए मुख्य मार्ग इंदौर मार्ग, देवास मार्ग, मक्सी मार्ग, आगर मार्ग, उन्हेल-नागदा मार्ग, बडऩगर मार्ग और चिंतामण जवासिया मार्ग हैं। सिंहस्थ के दौरान शाही स्नान/पर्व स्नान के दौरान यातायात मार्ग की प्रस्तावित व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई। इसमें इंदौर मार्ग, देवास मार्ग, मक्सी मार्ग, आगर मालवा मार्ग, बडऩगर मार्ग, चिंतामण मार्ग में सार्वजनिक वाहन तथा निजी वाहनों के प्रवेश, पार्किंग व्यवस्था और वापसी की व्यवस्था के बारे में चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा एवं यातायात पुलिस के अधिकारीगण उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

