अशोकनगर में प्रोटोकॉल विवाद: सिंधिया के लोकार्पण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ने जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर में प्रोटोकॉल विवाद: सिंधिया के लोकार्पण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ने जताई नाराजगी


अशोकनगर में प्रोटोकॉल विवाद: सिंधिया के लोकार्पण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ने जताई नाराजगी


अशोकनगर, 05 अप्रैल (हि.स.)।

मध्य प्रदेश के अशोकनगर में नवनिर्मित तहसील भवन के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में जारी शिलालेख पर जनप्रतिनिधियों के नामों के क्रम को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष ने आपत्ति जताई है। मामला अब राजधानी तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

शिलालेख पर नामों के क्रम से विवाद

शनिवार को आयोजित लोकार्पण समारोह में लगाए गए शिलालेख पर मुख्य अतिथि के रूप में सिंधिया का नाम दर्ज किया गया, हालांकि, प्रोटोकॉल में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले जिला पंचायत अध्यक्ष राव अजय प्रताप सिंह का नाम सातवें क्रम पर होने से विवाद खड़ा हो गया। इससे भी अधिक आपत्ति इस बात पर जताई गई कि उनके नाम से ऊपर पूर्व विधायक जजपाल सिंह का नाम अंकित किया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष का कहना है कि पद पर आसीन संवैधानिक जनप्रतिनिधि का नाम पूर्व जनप्रतिनिधि से ऊपर होना चाहिए, जबकि प्रोटोकॉल में पूर्व विधायक का नाम शामिल करने का स्पष्ट प्रावधान नहीं है।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने जताई नाराजगी

रविवार को जिला पंचायत अध्यक्ष राव अजय प्रताप सिंह यादव ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया और यह किसी बड़े नेता के इशारे पर किया गया प्रतीत होता है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी उनके साथ ऐसा व्यवहार हुआ है और वह इस मामले की लिखित शिकायत मुख्यमंत्री मोहन यादव को सौंपेंगे।

प्रशासन ने दिया संक्षिप्त जवाब

विवाद को लेकर जब संबंधित अधिकारियों से प्रतिक्रिया मांगी गई तो तहसीलदार भारतेंदु यादव ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। अब देखना होगा कि जिला पंचायत अध्यक्ष की शिकायत पर सरकार और प्रशासन क्या कदम उठाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Share this story