मंदसौर : स्मार्ट मीटरों के विरोध में सड़कों पर उतरे उपभोक्ता, निकाली आक्रोश रैली
मंदसौर, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में बिजली के स्मार्ट मीटरों को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच मंदसौर में बुधवार को आमजन ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आक्रोश रैली निकाली। जिला पंचायत सदस्य दीपक सिंह गुर्जर के नेतृत्व में आयोजित इस जनआंदोलन में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
रैली गांधी चौराहे से प्रारंभ होकर सरदार पटेल चौराहे तक निकाली गई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीटरों की रीडिंग और पल्स रेट को लेकर उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई है, वहीं बिना पूर्व सूचना के बिजली कनेक्शन काटे जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद जारी किए गए बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा कर संशोधित बिल जारी किए जाएं तथा बिल जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 जून की जाए। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि सोलर पैनल लगाने वाले कई उपभोक्ताओं को भी अपेक्षा से अधिक बिजली बिल प्राप्त हो रहे हैं, जिससे शासन की सौर ऊर्जा प्रोत्साहन योजना पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
रैली में शामिल लोगों ने आम जनता के आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट मीटरों को हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था की पारदर्शिता और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

