आगरमालवा : मासूम रवि के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोश, कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे परिजन
आगरमालवा, 15 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में करीब एक वर्ष पहले 13 वर्षीय मासूम रवि की गोली मारकर हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। न्याय की मांग को लेकर मृतक के परिजन, समाजजन और ग्रामीण मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
मृतक के पिता गोपाललाल पिता शंकर, निवासी ग्राम घुराशिया, थाना कानड़, जिला आगरमालवा ने बताया कि उनके 13 वर्षीय बेटे रवि की 18 अक्टूबर 2025 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना को लगभग एक वर्ष होने जा रहा है, लेकिन आज दिनांक तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। बेटे की हत्या के बाद से परिवार न्याय की आस में अधिकारियों के चक्कर काट रहा है।
गोपाललाल का कहना है कि बेटे की हत्या के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर उन्होंने थाना प्रभारी से लेकर एसडीओपी, पुलिस अधीक्षक, डीआईजी, आईजी और डीजीपी तक कई बार लिखित आवेदन दिए हैं। इसके अलावा जिला कलेक्टर और जनसुनवाई में भी अपनी शिकायत पहुंचाई, लेकिन अभी तक उन्हें न्याय नहीं मिल सका है।
गोपाललाल ने बताया कि वह अत्यंत गरीब मजदूर है। बेटे की हत्या के बाद न्याय पाने की उम्मीद में उसे कर्ज लेकर आगरमालवा, उज्जैन और भोपाल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लगातार अधिकारियों के कार्यालयों में जाने से परिवार को आर्थिक परेशानी के साथ मानसिक और सामाजिक कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ रहा है।
परिजनों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने और अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि एक मासूम की हत्या के मामले में लंबे समय से गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।
मृतक के पिता ने इससे पहले 3 अगस्त 2026 को प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि आठ दिनों के भीतर न्याय नहीं मिला तो वह परिवार सहित कलेक्टर कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना और अनशन शुरू करेंगे। उनका कहना है कि चेतावनी देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद मंगलवार को परिजन, समाजजन और ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए और मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और हत्या के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
धरने पर बैठे परिजनों की प्रमुख मांग है कि 13 वर्षीय रवि की हत्या के मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि परिवार लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है और अब प्रशासन को इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी न्याय नहीं मिला तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन और शासन की होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

