शहडोल: फसल नुकसान पर जताया विरोध, सैकड़ों मवेशियों के साथ तहसील जा रहे किसानों को रोका

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल: फसल नुकसान पर जताया विरोध, सैकड़ों मवेशियों के साथ तहसील जा रहे किसानों को रोका


शहडोल: फसल नुकसान पर जताया विरोध, सैकड़ों मवेशियों के साथ तहसील जा रहे किसानों को रोका


शहडोल, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी में सोमवार को आवारा मवेशियों से फसलों को हो रहे नुकसान और गौवंश की सुरक्षा की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य दुर्गा तिवारी के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से सैकड़ों मवेशियों को इकट्ठा कर तहसील कार्यालय ले जाया जाकर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही रोक लिया।

जिला पंचायत सदस्य दुर्गा तिवारी ने अनुविभागीय अधिकारी, ब्यौहारी को पहले ही पत्र लिखकर 31 अगस्त को सुबह 6 बजे से मवेशियों को एकत्र कर तहसील कार्यालय पहुंचने की सूचना दी थी। उन्होंने चेतावनी भी दी थी कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बुड़वा, बुड़ा, रामपुरा, कुठिया, जगमल, करौंदिया और आसपास के अन्य गांवों से बड़ी संख्या में आवारा मवेशियों को इकट्ठा किया गया। सैकड़ों मवेशियों के काफिले के तहसील की ओर बढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को रास्ते में रोक लिया। बड़ी संख्या में मवेशियों की मौजूदगी से स्थिति असामान्य हो गई थी। इसके बाद अधिकारियों और जिला पंचायत सदस्य के बीच मौके पर ही बातचीत हुई। प्रदर्शनकारियों ने किसानों की फसल बचाने और गौवंश को सुरक्षित रखने के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग की।

फसलों को नुकसान पहुंचा रहे मवेशी

दुर्गा तिवारी ने एसडीएम को दिए अपने पत्र में बताया था कि जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-2 की 22 पंचायतों में बड़ी संख्या में आवारा मवेशी सड़कों और खेतों में घूमते रहते हैं, जिससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने गौवंश के संरक्षण के लिए पर्याप्त गौशालाओं के अभाव को इस समस्या का मुख्य कारण बताया। पत्र में प्रशासन से गौवंश को सुरक्षित रखने के लिए नई गौशालाओं का निर्माण कराने की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त, गौठान और चारागाह के लिए पहले से सुरक्षित की गई भूमि का उपयोग गौशाला निर्माण के लिए करने की भी मांग रखी गई है।

मनीष शुक्ला

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story