भोपाल के ऋषिपुरम में शराब दुकान को लेकर विरोध तेज, रहवासियों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
भोपाल, 30 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी भोपाल के अवधपुरी स्थित ऋषिपुरम इलाके में शराब दुकान की शिफ्टिंग को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। स्थानीय रहवासी पिछले 26 दिनों से धरने पर बैठे हैं और अब उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि यदि 5 दिन के भीतर दुकान नहीं हटाई गई, तो बड़ा और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
दरअसल, अवधपुरी स्थित 80 फीट रोड के पास पेट्रोल पंप पर शराब ठेका संचालित किया जा रहा है, जिसका रहवासी लगातार विरोध कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस दुकान के कारण क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है और आपराधिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हो रही है। स्थानीय निवासी रमन तिवारी के मुताबिक, लंबे समय से इस दुकान को हटाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे इलाके में असुरक्षा का माहौल बन गया है। रहवासियों का आरोप है कि यहां से गुजरने वाली महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। इसके अलावा झगड़े और अन्य आपराधिक घटनाएं बढ़ने से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
पहले भी हो चुका विरोध
रहवासियों ने बताया कि यह शराब दुकान पिछले करीब एक साल से यहां संचालित हो रही है और शुरुआत में भी इसका विरोध किया गया था। उनका कहना है कि आबकारी विभाग दुकान को हटाने के बजाय फिर से यहीं संचालित करने की अनुमति दे रहा है। लगातार 26 दिनों से धरना जारी है, लेकिन अब तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
सड़क पर उतरने की चेतावनी
गुरुवार को मीडिया से बातचीत में रहवासियों ने कहा कि उन्होंने प्रशासन को 5 दिन का अल्टीमेटम दिया है। यदि इस अवधि में दुकान को अन्यत्र शिफ्ट नहीं किया गया, तो करीब 10 हजार लोग सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेंगे। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि स्थिति बिगड़ती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

